मुख्यमंत्री ने किया 5वें उत्तराखण्ड स्प्रिंग बर्ड फेस्टिवल का उद्घाटन।

देहरादून 9 मार्च 2018 (हि. डिस्कवर)

मुख्यमंत्री  त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जिला देहरादून के  थानों गांव में 5वें उत्तराखण्ड स्प्रिंग बर्ड फेस्टिवल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने प्रकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ वन्य जीवों की विविधता को भी उत्तराखण्ड की एक महत्वपूर्ण विशेषता बताया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य आम लोगों और जंगल के बीच की खाई को कम करना है। साथ ही इससे बर्ड वाॅचिंग को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि देश में पायी जाने वाली पक्षियों की प्रजातियों की आधे से अधिक प्रजातियां उत्तराखण्ड में पायी जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वन्य जीव हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पशु पक्षियों के अभाव में सृष्टि का चक्र ही समाप्त हो जाएगा। इसलिए दुनिया के तमाम लोगों और विशेषकर वन्य जीव प्राणी विशेषज्ञों का प्रयास है कि इस विविधता को संरक्षण दिया जाए। यह हमारी आवश्यकता भी है, और उस को बनाए रखने के लिए तमाम प्रयास हो रहे हैं। उत्तराखण्ड विविधता की दृष्टि से बहुत ही संपन्न है, और इस धरोहर को संजोए रखने के हमें लगातार प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
वन मंत्री डाॅ.हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड की विविधता ही यहां की विशेषता है। बर्ड वाचिंग को प्रोत्साहन देने से इस क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर विधायक  दिलीप रावत, मुख्य सचिव  उत्पल कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक  जयराज सहित अन्य अधिकारी एवं देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *