शिक्षा की गुणवता परखने वरिष्ठ आईएएस पहुँच रहे हैं शासकीय विद्यालयों में!

देहरादून 6 नवम्बर 2017 (हि. डिस्कवर)

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के निर्देश पर वरिष्ठ आई.ए.एस अधिकारियों ने स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। महानिदेशक सूचना डाॅ. पंकज कुमार पाण्डेय ने  शहीद सैनिक श्री नरपाल सिंह राजकीय इण्टर काॅलेज थानों में जाकर छात्र-छात्राओं के साथ बातचीत कर उन्हें लगन से मेहनत करने और आगे चलकर क्या बनना है, उसके लिए आज से ही लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। डाॅं. पंकज पाण्डेय का एम.बी.बी.एस पृष्ठभूमि होने के कारण छात्रों ने उनसे डाॅक्टरी की पढ़ाई के लिए तैयारी एवं योग्यता के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा छात्रों ने आई.ए.एस. एवं पी.सी.एस. परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी डाॅ. पाण्डेय से जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समय के महत्व को समझना जरूरी है। लक्ष्य को हांसिल करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति का होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को हर पल की गतिविधियों से अपडेट रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपनी समस्याएं, यदि कोई हों, बताने के लिए प्रेरित भी किया। डाॅ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा और सामाजिक गतिविधियों के प्रति सदैव जागरूक रहने को कहा। इस अवसर पर उन्होंने रा.इ.का. थानों में वृक्षारोपण भी किया।
जिलाधिकारी देहरादून एस.ए मुरूगेशन ने सहसपुर ब्लाक के न्याय पंचायत भगवन्तपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुठाल गांव में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होने अध्यापकों से कहा कि शिक्षक पाठशाला में विद्याध्यन के साथ विद्यालय को संस्कारशाला भी बनाये जिससे बच्चों का सर्वागीण विकास हो सके तथा वे बच्चों को सुयोग्य नागरिक बनाने में शिक्षक अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों के साथ लगभग दो घण्टे रहे तथा उन्होने बताया कि वो भी ऐसे ही अपने गांव के सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत् रहें तथा उनके पिताजी भी एक शिक्षक रहें।
मंडलायुक्त दिलीप जावलकर ने रा.इ.का.बडोवाला(जौली) व रा0प्रा.विद्यालय, भानियावाला, देहरादून में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होने कहा कि बच्चों के वर्तमान को सुधार कर ही देश का भविष्य सुधारा जा सकता है। आज सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को उपर उठाने के लिए और उपयोगी कदम प्रयोग में लाने होंगे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी जावलकर से कई प्रश्न पूछे।
वी0सी0, एम.डी.डी.ए. आशीष श्रीवास्तव ने राजकीय इण्टर कालेज मेहूवाला में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया।
इसी क्रम में शासन के अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने भी विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से संवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *