मैती ने किया लोक शक्ति वृक्षारोपण अभियान शुरू!
ऋषिकेश 8 अगस्त (हि. डिस्कवर)
उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल जी ने आज ऋषिकेश स्थित राजकीय इण्टर काॅलेज में मैती संस्था तथा नियो विजय फाउण्डेशन उत्तराखण्ड के तत्वावधान में लोक शक्ति वृक्षारोपण अभियान में प्रतिभाग किया। इस अवसर में प्रेम चंद अग्रवाल ने वृक्षारोपण भी किया।

मैती संस्था के तत्वावधान में आयोजित लोक शक्ति वृक्षारोपण अभियान समारोह के अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल जी ने कहा कि वृक्षारोपण समय की जरूरत है। उन्होंने कहा है कि मैती संस्था के तत्वावधान में कई वर्षो से पर्यावरण संरक्षण के लिए जो पहल की गयी है वह सराहनीय है।
हिमालय की जैव विविधता संस्कृति तथा बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ पर केन्द्रित मैती आन्दोलन के तत्वावधान में भारत की स्वतंत्रता के 70 वर्ष तथा उत्तराखण्ड राज्य विधान सभा के निर्वाचित 70 विधायकों के सम्मान में सम्पूर्ण प्रदेश में जगह-जगह मैती संस्था तथा नियो विजन फाउण्डेशन उत्तराखण्ड की पहल पर लोक शक्ति वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक अग्रवाल ने आज राजकीय इण्टर काॅलेज, ऋषिकेश के प्रांगण में मैती संस्था के सदस्य एवं विद्यालय के छात्र छात्राओं के साथ वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर कल्याण सिंह रावत, विद्यालय की प्रधानाचार्य राजेश्वरी देवी, राधेश्याम धीमान, ऋतु शर्मा, राजकुमारी जखमोला आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उमा पाटिल ने किया।