मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सचिवालय में ध्वजारोहण किया।

देहरादून 15 अगस्त, 2019(हि.डिस्कवर)
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सचिवालय में ध्वजारोहण किया। मुख्य सचिव सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य सचिव ने उन सभी वीर-वीरांगनाओं को नमन किया जिनके तप, त्याग एवं बलिदान के कारण हमें आजादी प्राप्त हुयी। उन्होंने उस प्रत्येक किसान, मजदूर, वकील, गरीब, अमीर सभी को नमन किया जिन्होंने अपने कैरियर की परवाह किए बिना अपने जीवन का उद्देश्य आजादी को पाना बना लिया था।

मुख्य सचिव ने कहा कि वही जज्बा आज भी बरकरार है। इसी की बदौलत हम आज पूरी दुनिया में जाने-पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के समय बहुत समस्याएं थीं। केन्द्र सरकार, राज्य सरकारें, अधिकारी, सिविल सोसाईटी, किसान और जवान हर किसी ने देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज हम विश्व के अग्रणी देशों की पंक्ति में खड़े हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी राष्ट्र अथवा राज्य के निर्माण में सचिवालय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यहां से राज्य के विकास का रोडमैप तैयार होता है, और यहीं योजनाओं को मूर्त रूप दिया जाता है। हमें अपने राज्य को विकास की राह में आगे बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक योगदान देना होगा। हमें दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों को सचिवालय में सम्मान के साथ इस बात का एहसास कराना होगा कि हम उनके साथ हैं। उनके सम्पूर्ण विकास के लिए हम हमेशा तत्पर हैं।

मुख्य सचिव सिंह ने सचिवालय को प्लास्टिक फ्री करने में सचिवालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सचिवालय में बिजली की बचत एवं जल संग्रहण के क्षेत्र में भी गम्भीरता के साथ प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने सचिवालय परिवार से सचिवालय को ग्रीन कार्यालय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगले स्वतंत्रता दिवस तक सचिवालय को पेपर फ्री ऑफिस बनाने के लिए आप सभी का सहयोग आवश्यक है। सचिवालय को प्रदेश के अन्य कार्यालयों के लिए एक आदर्श के रूप में स्थापित करते हुए हमें राज्य के दूरस्थ क्षेत्र में रह रहे नागरिकों को आर्थिक और सामाजिक रूप से विकास की मुख्य धारा में लाने का कार्य करना होगा एवं ‘लक्ष्य-2020‘ के अनुसार योजनाओं के क्रियान्वयन में गम्भीरता के साथ तेजी लानी होगी।

इससे पूर्व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। सचिवालय व्यवस्था विभाग द्वारा सभी व्यवस्थाएं की गई। मुख्य सचिव ने गीत प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर सभी प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव, अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *