मुख्यमंत्री ने दी अगस्त क्रान्ति की शुभकामनाएं!
देहरादून 8 अगस्त (हि. डिस्कवर)
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 9 अगस्त (अगस्त क्रांति) की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अगस्त क्रांति का महान आंदोलन अपने 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है। आज ही के दिन 1942 में अंग्रेजों के विरुद्ध एक बड़ी निर्णायक जंग छेड़ने का ऐलान हुआ था। 9 अगस्त देश की जनता का वो महान संकल्प था जिसमें उन्होने यह प्रण लिया कि हमें आजादी चाहिए और हम आजादी ले कर रहेंगे। अगस्त क्रांति में उत्तराखंड का भी अहम योगदान रहा है। राज्य अभिलेखागार में प्रदेश के लोगों के त्याग, कुर्बानी, समर्पण और संघर्ष की कहानी संजोयी हुई है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए वीर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति की 75वीं वर्षगांठ पर सभी को एक मजबूत एवं समृद्ध उत्तराखंड तथा भारत निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। हमें साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए भी संकल्प लेना होगा कि गरीबी, गंदगी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जातिवाद, संप्रदायवाद भारत छोड़कर चले जाएं।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत 09 अगस्त (अगस्त क्रांति) की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को सचिवालय में प्रदेश के सभी जनपदों के छात्र-छात्राओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रूबरू होंगे। प्रदेश के इतिहास में ऐसा प्रथम अवसर है जब मुख्यमंत्री ब्लाॅक स्तर तक छात्र-छात्राओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा एक साथ संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं न सिर्फ मुख्यमंत्री से बात करेंगे बल्कि अपने प्रश्न भी पूछ सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत भविष्य में प्रतिमाह इसी प्रकार प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, उद्यमियों, किसानों और आम जन से संवाद करेंगे।