भ्रष्टाचार विकास में सबसे बड़ी बाधा -मुख्यमंत्री।
एक साल पूरा होने पर राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का संकल्प।
देहरादून 19 मार्च 2018 (हि. डिस्कवर)
उत्तराखण्ड में भाजपा की त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर देहरादून के परेड ग्राउंड में एक भव्य कार्यक्रम का आय़ोजन किया गया। रंगारंग कार्यक्रमों और लोकगीतों के साथ इसकी शुरूआत की गई।
इस मौके पर सांसद अजय टम्टा, भगत सिंह कोश्यारी, माला राजलक्ष्मी शाह, भुवन चंद्र खंडूरी समेत तमाम मंत्री, विधायक, भाजपा कार्यकर्ता और प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोग भी मौजूद थे। मुुख्यमंत्री ने नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘ये साल राज्य के लिए समृद्धि वाला रहे, ये हमारी शुभकामना है।’ मुुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक बार फिर से कहा कि राज्य को हर हाल में भ्रष्टाचार से मुक्त कर के दम लेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में संस्थागत भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि राज्य के सबसे बड़े घोटाले में अब तक 20 लोग गिरफ्तार हो गए हैं।
NH 74 घोटाले को लेकर मुख़्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस अब तक इस केस में 20 लोगों को जेल भेज चुकी है और अपराधों पर राज्य में अंकुश लगाया गया। उत्तराखंड में 15 दिन के भीतर किडनी कांड का खुलासा किया गया और इसके लिए उत्तराखंड पुलिस बधाई की पात्र है।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सरकार काम कर रही है। किसानों को 2 फीसदी की ब्याज दर पर ऋण दिया गया है और सवा लाख से ज्यादा किसानों को 600 करोड़ रुपये तक की धनराशि 2 फीसदी की ब्जाय दर पर दी गई है। उन्होंने चमोली के घेस गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि मटर की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया।सरकार की तरफ से हर सम्भव मदद दी गई है। इस साल घेस गांव के किसानों ने 62 लाख रुपये के आसपास मटर की खेती की।
मुख़्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा, ‘भ्रष्टाचार पर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस कार्यवाही भी की है। दिसम्बर 2017 तक प्रदेश में रहने वाले सभी घरों को ऊर्जाकृत करने का हमारा दृढ़ संकल्प है। वर्ष 2019 तक 100 प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। वर्ष 2022 तक सभी को अपना आवास उपलब्ध करवाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।’
उन्होंने कहा कि आबकारी को राज्य सरकार, राजस्व का जरिया नहीं बनाना चाहती है। प्रदेश में शराब को धीरे-धीरे कम करने का प्रयास किया जाएगा। वर्तमान में शराब की दुकानें के खुलने की अवधि को घटाकर 6 घंटे करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जल्द ही शराब की दुकानें केवल दोपहर 3 बजे से सांय 9 बजे तक ही खुल सकेंगी। इससे मातृशक्ति को कुछ राहत मिलेगी। युवा पीढ़ी को शराब के दुष्प्रभाव से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। शराब को कम करने के लिए भविष्य में और भी कई निर्णय लिए जा सकते हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि आबकारी पर प्रदेश की निर्भरता कम की जा सके।
मुुख्यमंत्री ने कहा, ‘राजस्व की चोरी को रोका जाएगा और प्रदेश की जनता पर अतिरिक्त भार डाले बिना अन्य स्रोत भी विकसित किए जाएंगे। सेल्स टैक्स में पिछले केवल तीन दिनों में ही 1 करोड़ 31 लाख रूपए की कर चोरी पकड़ी गई है। अवैध शराब में लिप्त लोगों को सजा दिलाए जाने के लिए आवश्यकता होने पर एक्ट में परिवर्तन करने हैं। अवैध खनन को पूरी तरह से रोका जाना है। बहुत से क्रेशर भी जब्त किए गए हैं। अवैध खनन को रोककर खनन से इस बार 1000 करोड़ राजस्व का लक्ष्य रखा जा रहा है। अभी खनन से 285 करोड़ रूपए का वार्षिक राजस्व मिल रहा है।’
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धि गिनवाते हुए बताया है कि प्रदेश में 369 नए डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं जिससे उम्मीद है कि अस्पतालों में डॉक्टर्स की कमी शीघ्र ही पूरी हो जाएगी। साथ ही खुले में शौच से मुक्ति के लिए निकायों को सम्मानित किया गया व स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वाली आशा कर्मचारियों को भी 25-25 हजार रुपए के चेक बांटे गए। इसके साथ रोजगार के लिए ई-रिक्शा और दुग्ध विकास के क्षेत्र में प्रोत्साहन के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया।