प्रदेश पुलिस में गुड गवर्नेन्स, पारदर्शिता एवं अच्छी छवि के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्प- मदन कौशिक
दिनांक 10 अप्रैल, 2018 (हि. डिस्कवर)।
शासकीय प्रवक्ता/कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये कृत संकल्पित है। लूट-डकैती जैसी घटनाओं को तुरन्त संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा तत्परता से अपराधियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश को अपराध मुक्त बनाना है। मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश में शराब के व्यवसाय को पारदर्शी बनाने के प्रयास किये जा रहे है। इस सम्बन्ध में कोई अनियमितता न हो इसके लिये भी कड़े निर्देश दिये गये तथा शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है इस दिशा में अविलम्ब कार्यवाही करते हुए प्रदेश में तीन आबकारी अधिकारियों को निलम्बित किया गया है।

हेली सेवाओं के लिये भी सरकार द्वारा पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस सम्बन्ध में सभी की बातों व सुझाओं पर अमल किया जा रहा है। कांग्रेसियों को इस सम्बन्ध में अनर्गल प्रलाप करने के बजाय तथ्यों के साथ सामने आकर बात करनी चाहिए। पारदर्शी व्यवस्था का पालन करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिये हम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह को राज्यहित से जुड़े मुद्दों पर संजीदगी के साथ कोई बयान देना चाहिए। केवल सस्ती लोकप्रियता के लिये इस प्रकार की अनर्गल बातों को मुद्दों नहीं बनाना चाहिए बल्कि किसी भी विषय पर बयान देने से पहले आकड़ों पर ध्यान देते हुए अपनी बात रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के उद्देश्य से प्रदेशवासियों की सुरक्षा एवं शान्ति-व्यवस्था को बनाये रखने में उत्यन्त महत्व दिया गया है। इस सरकार के 01 वर्ष के कार्यकाल में विगत 06 वर्षों की उक्त अवधि की तुलना में प्रदेश में घटित जघन्य अपराध यथा हत्या, डकैती एवं फिरौती हेतु अपहरण में अप्रत्याशित कमी आयी है। इस अवधि में प्रदेश पुलिस द्वारा 1595 वांछित एवं 90 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जिनमें 50-50 हजार के 02 इनामी अपराधी भी शामिल हैं। इस अवधि में प्रदेश पुलिस द्वारा ‘‘आॅपरेशन स्माइल’’ के अन्तर्गत अभियान चलाकर 626 गुमशुदा बच्चों को बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया जबकि विगत वर्ष में इस अवधि में कुल 254 बच्चे ही बरामद हुये थे। प्रदेश पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण अपराधों जैसे एन0एच0 घोटाला, किडनी रैकेट, ए0टी0एम0 क्लोनिंग व विभिन्न बैंक धोखाधड़ी सम्बन्धी प्रकरणों का अनावरण कर अपराधियों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही कर जनमानस में सुरक्षा एवं शान्ति का वातावरण कायम करने में सफलता पायी है। उक्त स्थिति इस बात से स्पष्ट होती है कि इस अवधि में अभियुक्तों को गिरफ्तारी एवं चोरी व लूटी गयी सम्पति की बरामदगी का प्रतिशत विगत वर्षो का तुलना में काफी अधिक है।
यही नहीं प्रदेश पुलिस में गुड गवर्नेन्स, पारदर्शिता एवं अच्छी छवि को बनाये जाने की दिशा में प्रदेश में पहली बार इस सरकार द्वारा 03 करोड़ रूपये से ‘‘थाना विविध आवश्यक कार्य निधि’’ की स्थापना की गयी। प्रदेश पुलिस की गुड गवर्नेन्स की इससे भी पुष्टि हुई है जब देश के 15 हजार से अधिक थानों में से उत्तराखण्ड जैसे छोटे राज्य के 02 थानों वनभूलपुरा व ऋषिकेश देश के प्रथम 10 थानों की सूची में सम्मिलित हुए। साइबर क्राइम ड्रग से सम्बन्धित अपराधों तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जनता को और अधिक जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश पुलिस द्वारा निरन्तर विशेष अभियान चलाये जा रहे है।