पूर्व मुख्यमंत्री एन डी तिवारी के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक! मुख्यमंत्री बोले- अपूरणीय क्षति!
देहरादून 18 अक्टूबर, 2018 (सू.ब्यूरो)
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास में मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उनके निधन को देश के लिये अपूरणीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने तिवारी जी को विकास पुरूष बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड के औद्योगिक विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

(फाइल फोटो)
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2003 में पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने नैनीताल प्रवास के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के अनुरोध पर उत्तराखण्ड के लिये विशेष औद्योगिक पैकेज स्वीकार किया। इससे राज्य के औद्योगिक विकास को गति मिली। आज राज्य की प्रति व्यक्ति आय में हुई उल्लेखनीय वृद्धि में तिवारी जी के कुशल नेतृत्व तथा विकास की सोच की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्हांने कहा कि तिवारी जी विशाल ह्दय के व्यक्ति थे। उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री रहते वे युवा विधायकों के मार्गदर्शक भी रहे। उन्होंने तिवारी जी के निधन को एक युग का अन्त बताते हुए कहा कि उनके निधन से राजनीति में आयी रिक्तता की भरपाई कठिन है।
वहीँ दूसरी ओर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने बताया कि भूतपूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर दिवंगत नेता के सम्मान में प्रदेश में आज दिनांक 18 से 20 अक्टूबर, 2018 तक राजकीय शोक रहेगा। इस अवधि में प्रदेश के समस्त जनपदों के राजकीय कार्यालयों में जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराये जाते है, वह राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
श्रीमती रतूड़ी ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय शोक के दिवसों में कोई भी शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नही किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व मुख्यमंत्री तिवारी जी की अंत्येष्टि पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न करायी जायेगी। ज्ञात होकि नारायण दत्त तिवारी का आज ही जन्मदिवस भी था!