पारिश्रमिक की बढोत्तरी का शासनादेश जारी होते ही स्वच्छकारों ने मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन!

देहरादून 04 अगस्त, 2018(हि. डिस्कवर)
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने नगर निगम के सफाई कर्मचारी संगठन द्वारा सफाई कर्मचारियों के हित मे सफाई कार्मिकों को प्रतिदिन रू0 275 के हिसाब से पारिश्रमिक दिये जाने के शासनादेश जारी होने पर आयोजित आभार एवं अभिनन्दन समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के सपने को साकार करने के लिए स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छकारों के हितों को ध्यान में रखना जरूरी है।
स्वच्छकारों की कड़ी मेहनत को देखते हुए एवं उनके अधिकारों को दृष्टिगत रखते हुए पारिश्रमिक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। 2022 तक सबका अपना घर हो, शौचालय, बिजली, पानी एवं गैस कनेक्शन हो, प्रधानमंत्री जी के इस सपने को पूरा करने में सबका सहयोग जरूरी है। प्रदेश में मलिन बस्तियों में रहने वालों को छत देने के लिए 03 वर्ष के अन्दर सुनियोजित प्लान बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश एवं प्रदेश के विकास के लिए भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से लगाम लगाना जरूरी है। भ्रष्टाचार का सबसे अधिक नुकसान समाज के कमजोर एवं गरीब वर्ग को होता है। भ्रष्टाचार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए सबका सहयोग जरूरी है।
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका सफाई कर्मचारियों की हैं। निकायों की स्थिति को सुधारने के लिए राज्य सरकार निरन्तर प्रयासरत है। निकायों का विस्तार किया जा रहा है। मलिन बस्तियों में रहने वालों को 03 साल में मालिकाना हक दिलाने के लिए रास्ता निकाला जायेगा।
इस अवसर पर विधायक खजानदास, भाजपा के प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल ‘गामा‘, नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, पूर्व अध्यक्ष सफाई कर्मचारी आयोग भगवत प्रसाद मकवाना, सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष  राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *