पंतनगर में मुख्यमंत्री ने किया किसान मेले का शुभारंभ!
पंतनगर/देहरादून 06 अक्टूबर, 2017(हि.डिस्कवर)
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी हाल में 102वें अखिल भारतीय किसान मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि वैज्ञानिकों को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों की ओर भी ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए किसानों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने वैज्ञानिकों से खेती की नई और आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने ऐरोमैटिक प्लांट्स की खेती की विश्व स्तर पर बढ़ती मांग को देखते हुए कहा कि इन पौधों की खेती की उन्नत तकनीकें किसानों को सुलभ कराने पर बल दिया जाए। छोटे स्तर पर पाॅलिहाऊस में बेमौसमी खेती की भी उन्होंने आवश्यकता जतायी।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के किसानों की आय को बढ़ाने हेतु उपाय किये जाने एवं पर्वतीय क्षेत्रों से युवाओं के पलायन को रोकने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार पर ध्यान देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषको को 01 लाख तक का ऋण 02 प्रतिशत ब्याज दर पर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तराई बीज निगम की साख को पहले की तरह लाने के लिए बुद्धिजीवियो व वैज्ञानिको के सुझाव लिये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने मेले में लगाई गई उद्यान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने खेती में अभिनव प्रयोग करने और उल्लेखनीय सफलता के लिए राज्य के विभिन्न जनपदों से चुने गये 09 प्रगतिशील कृषकों को प्रतीक चिन्ह् व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले किसानों में श्री प्रदीप रस्तोगी, ग्राम भोगपुर, जिला उधमसिंह नगर, श्री सुनील कुमार, ग्राम थिथकी कवादपुर, जिला हरिद्वार, श्री नरेन्द्र गोबाड़ी, ग्राम भटेरी, जिला पिथौरागढ़, श्री खुशाल सिंह, ग्राम मुंदोली, जिला चमोली, श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा, ग्राम देवली मल्ला, जिला नैनीताल, श्री परवीन कुमार, ग्राम शाहपुर-कल्यानपुर, जिला देहरादून, श्री महेश चन्द्र काण्डपाल, ग्राम कोटयूडा, जिला अल्मोड़ा, श्री पंकज तिवारी, ग्राम अथखण्डी, जिला चम्पावत एवं सुश्री रंजना रावत, ग्राम भीरी (ऊखीमठ), जिला रूद्रप्रयाग सम्मिलित थे।
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ.ए.के.मिश्रा ने कहा कि कृषि लागत में कमी एवं कृषि उत्पादकता में वृद्वि के द्वारा किसानों की आय दोगुना करने के लिए विश्वविद्यालय प्रयासरत है। उन्होंने बताया की वर्ष में दो बार आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के किसान मेले में हजारों की संख्या में किसान भाग लेते हैं, जो उत्तराखण्ड के अतिरिक्त विभिन्न प्रदेशों व नेपाल से भी आते हैं। उन्होंने किसानों को फलों एवं सब्जियों, जिनको अधिक समय तक भण्डारित नही किया जा सकता, के मूल्यवर्धित उत्पाद बनाये जाने की सलाह दी, जिससे उनकी आय में वृद्वि हो सके। साथ ही कृषि अधारित व्यवसाय, जैसे मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, पशुपालन, मछली पालन, इत्यादि को अपनाये जाने को कहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विधायक राजेश शुक्ला, राजकुमार ठुकराल, जिलाधिकारी डाॅ.नीरज खैरवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानन्द दाते, निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ.वाई.पी.एस.डबास, विभिन्न वैज्ञानिकों सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
वहीँ दूसरी ओर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कृषक महोत्सव रबी-2017 का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषक महोत्सव रबि-2017 के माध्यम से किसानों को नई तकनीक आदि की जानकारी दी जायेगी साथ ही किसानो के सुझाव भी प्राप्त किये जायेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद के न्याय पंचायतो में जाने वाले 03 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ 06 से 15 अक्टूबर, 2017 तक जनपद की 27 न्याय पंचायतों में जाकर कृषकों की समस्याओं का निराकरण करेगें व उर्वरक, बीज, जैव रसायन, कृषि रक्षा रसायन तथा उद्यान, पशुपालन, रेशम, मत्स्य विभाग से सम्बन्धित निवेश भी उपलब्ध करायेगें।
इस अवसर पर विधायक राजेश शुक्ला, राजकुमार ठुकराल, जिलाधिकारी डाॅ.नीरज खैरवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद दाते, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ.ए.के.मिश्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने पंतनगर विश्वविद्यालय में इंस्टिट्यूशन आॅफ इंजीनियर्स (इण्डिया) भवन का लोकार्पण किया। इस भवन में इंस्टिट्यूशन आॅफ इंजीनियर्स(इण्डिया) के पंतनगर चैप्टर का कार्यालय रहेगा जो अभी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में स्थित है। इस संस्था द्वारा चलायी जाने वाली एसोशिएट मेम्बर आॅफ इंस्टिट्यूशन आॅफ इंजीनियर्स (ए.एम.आई.) की उपाधी के लिए पाठ्यक्रम भी संचालित किये जायेंगे। इस उपाधि का ‘बी’ सर्टिफिकेट बी.टेक की उपाधि के बराबर होता है, जो सेवारत तकनीकी कर्मियों की शैक्षणिक योग्यता में वृद्वि के लिए सहायक होता है।