पंचायत राज मंत्री से मिले ग्राम प्रधान, सौंपा 3 सूत्रीय मांग-पत्र..!
देहरादून 8 जुलाई (हि. डिस्कवर)
प्रदेश के पंचायती राज, विद्यालयी शिक्षा, प्रौढ़़ शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरविन्द पाण्डेय से विधान सभा स्थित उनके कक्ष में ग्राम प्रधान संगठन उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात कर अपना 3 सूत्रीय मांग पत्र दिया।

पंचायती राज मंत्री श्री अरविन्द पाण्डेय के संगठन की मांगों पर एक माह में समाधान करने के आश्वासन पर संगठन द्वारा आन्दोलन वापस लिया गया। उन्होंने ग्राम प्रधान संगठन द्वारा दिये गये ज्ञापन पर प्रमुख सचिव पंचायती राज को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिये, साथ ही अपर सचिव पंचायती राज हरीश चन्द्र सेमवाल को इन बिन्दुओं पर व्यक्तिगत रूप से माॅनीटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रतिनिधिमण्डल को सम्बोधित करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान विकास की प्रथम ईकाई है। पंचायतीराज मंत्री ने ग्राम प्रधानों की मांगों का उचित बताते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए हर सम्भव सहयोग आश्वासन दिया। उन्होंने प्रधानों से प्रदेश के विकास में आगे आने का आह्वान किया। प्रधान संगठन द्वारा चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की धनराशि को यथावत रखने, प्रधान पद का मानदेय सम्मानजनक करने, मनरेगा की धनराशि पंचायतों को जारी कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमण्डल में प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गिर वीर सिंह प्रमार, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, जिला अध्यक्ष कुन्दन सिंह बोरा, महासचिव दिनेश भट्ट सहित प्रदेश के समस्त जनपदों के प्रधानगण मौजूद थे।