देहरादून एक मिनी भारत के रूप में -मुख्यमंत्री

देहरादून 20 फरवरी 2018 ( हि. डिस्कवर)

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को बल्लूपुर चौक स्थित त्रिराज वाटिका में अरूणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून अरूणाचल स्टूडेंट यूनियन द्वारा आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया।
मुख्यमंत्री ने देहरादून में अरूणाचल प्रदेश से आए सभी विद्यार्थियों के साथ केक काटकर अरूणाचल प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि अरूणाचल प्रदेश भारत का ऐसा प्रदेश है जहाँ सूर्य के सर्वप्रथम दर्शन होते हैं। अरूणाचल का अर्थ ही है ‘उगते सूर्य का पर्वत’। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सभी पर्वतीय राज्य बहुत ही खूबसूरत हैं। उन्होंने कहा कि नाॅर्थ-ईस्ट के राज्यों में बहुत सी जनजातियाँ निवास करती है। उत्तराखण्ड में भी कुछ जनजातियाँ निवास करती हैं। जनजातियाँ अपनी लोक संस्कृति को जीवित रखने में बहुत बड़ी भूमिका निभा रही हैं।मुख्यमंत्री ने अरूणाचल से पढ़ने आए विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री आवास पर आमंत्रित करते हुए कहा कि आज देहरादून एक मिनी भारत के रूप में नजर आता है। यहाँ देश के सभी राज्यों से अलग-अलग प्रकार की शिक्षा ग्रहण करने बच्चे आते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा एक इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करने की है, जिसमें देश के सभी राज्यों प्रतिभाग करें। कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश की विभिन्न संस्कृतियों का मेल होगा। भारत के प्रति ‘विभिन्नता में एकता‘ की विचारधारा और अधिक मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *