थराली उपचुनाव में जीत पर मुख्यमंत्री ने किया कार्यकर्ताओं का सम्मान!

देहरादून (हि.डिस्कवर)

मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने थराली विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में जीत पर कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को शाॅल व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यकर्ताओं को थराली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव में जीत की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि यह सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से संभव हो सका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को राज्य की आर्थिकी के विकास में योगदान देने और आम जन मानस को इसके लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिरूल पॉलिसी बनाई है इस में युवाओं को आगे आना चाहिए। मात्र ढाई नाली जमीन एवं थोड़े से खर्च पर यह कार्य शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संवाड़ गांव के 100 से 125 लोग शहद का उत्पादन करते हैं। जंगली फूलों से बने इस शहद की कीमत बहुत ज्यादा है, परंतु यह गांव में मात्र ₹400 किलो में बिकता है। हमें स्थानीय  उत्पादों की ब्रांडिंग की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें लोगों को गांव जाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। पारिवारिक समारोह और त्योहारों के अवसर पर ही सही मगर हमें अपने गांव से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। मसूरी विधायक गणेश जोशी ने भी थराली उपचुनाव में जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद दिया और कहा कि यह सब सभी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से ही संभव हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *