चारधाम तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट राज्य सरकार की प्राथमिकता

देहरादून 11 अक्टूबर, 2017(हि.डिस्कवर)
मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र सिंह रावत से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में रेल विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष व मुख्य प्रबन्ध निदेशक  सतीश चन्द्र अग्निहोत्री तथा मुख्य परियोजना प्रबन्धक  हिमांशु बडोनी ने भेंट की तथा चारधाम तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट की प्रगति की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री  ने कहा कि परियोजना से सम्बन्धित भूमि अधिग्रहण तथा फोरेस्ट क्लियरेन्स की  प्रक्रिया को समयबद्धरूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी परियोजना पर एक साथ कार्य आरम्भ किया जाए। मुख्यमंत्री  ने कहा कि चारधाम तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चारधाम प्रोजेक्ट के फाइनल लोकेशन सर्वे को शीघ्र पूरा किया जाए। परियोजना निर्माण की प्रक्रिया को तीव्र किया जाए।
बैठक में आर.वी.एन.एल. के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि परियोजना से सम्बन्धित टेन्डर प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। अगले वर्ष जून-जुलाई से परियोजना की सुरंगों का निमार्ण कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा। परियोजना के ग्राउन्ड वर्क तथा लोकेशन सर्वे में सेटेलाइट इमेजरी तथा डिजिटल रेजोल्यूशन टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया जाएगा। उत्तराखण्ड के पर्यावरणीय व पारिस्थितिकी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए भूगर्भीय निरीक्षण के दौरान अत्याधुनिक तकनीकी का प्रयोग किया जाएगा। आर.वी.एन.एल. द्वारा परियोजना को समयबद्धता के साथ पूरा करने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *